-जनकपुरधाम में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का शुभकामना आदान-प्रदान कार्यक्रम
-कपिलेश्वर के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की ओर से जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका वार्ड संख्या 16 स्थित कपिलेश्वर में दीपावली, छठ, सामाचकेवा और भाई टीका के अवसर पर शुभकामना आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर पार्टी के मधेश प्रांत आरएटी विभाग प्रमुख एवं संगठन विभाग के उपप्रमुख अंभू प्रसाद साह ने कपिलेश्वर क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और विकास की जरूरतों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के विकास के लिए सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं लागू करने पर जोर दिया।
वहीं, स्पिरिचुअल जर्नलिस्ट्स सोसाइटी नेपाल के मधेश प्रांत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार नारायण साह ने कपिलेश्वर के धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि त्रेता युग से जुड़ी मान्यताओं और ऐतिहासिक धरोहरों के कारण यह क्षेत्र महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बन सकता है। इसके लिए धार्मिक धरोहरों का संरक्षण, पर्यटन विकास, शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारी राम बाबू यादव, फेकन साह लहेरी, राधेश्याम साह, बिगुल साह, राकेश कुमार साह और शत्रुघ्न साह सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे।












