-जनकपुरधाम में मुख्यमंत्री ने किया आधुनिक धर्मशाला का उद्घाटन
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
हनुमान जयंती के अवसर पर अवध सांस्कृतिक संरक्षण परिषद द्वारा निर्मित पांच मंजिला आधुनिक धर्मशाला का उद्घाटन मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जनकपुरधाम की धार्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. विज्ञानानंद ने सनातन धर्म पर हो रहे संकट को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत और नेपाल में हिंदू आबादी में गिरावट और धर्मांतरण की बढ़ती घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने धर्म की रक्षा को प्रत्येक हिंदू की जिम्मेदारी बताया।

इस मौके पर अमेरिका से आईं विश्व हिंदू परिषद की अध्यक्ष बंदना झिंगल ने कहा कि अमेरिका में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म का प्रभाव बढ़ रहा है, जबकि भारत-नेपाल में पाश्चात्य संस्कृति की होड़ चिंताजनक है।
करीब 15 करोड़ की लागत से बनी इस धर्मशाला में आधुनिक सुविधाओं के साथ शाकाहारी भोजन की भी व्यवस्था है। कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरांग मिश्र ने की, जिसमें समाजसेवी पवन भाई सिंधी, सुनील पाल, स्नेह पाल, बजरंग साह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।














