–जनकपुरधाम में प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने किया माता जानकी का दर्शन-पूजन
जनकपुरधाम।मधुकर। नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनकपुरधाम पहुंचकर प्रसिद्ध जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव ने मिथिला परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने जानकी मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा कर देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने संक्षिप्त पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में संसदीय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है, इसके लिए उन्होंने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि माता जानकी की कृपा से देश में अमन-चैन बना रहे और नई सरकार नेपाल की समृद्धि के लिए कार्य करे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जनआंदोलन के बाद पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा था, जिसके बाद अंतरिम व्यवस्था के तहत उन्हें नई सरकार के गठन तक छह माह के लिए प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस मौके पर स्थानीय प्रशासन, मंदिर समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














