Advertisement

छपरा हिंसा के विरोध में बिहार के बीडीओ ने लगाया काला बिल्ला, राजापाकर में भी जताया विरोध

-छपरा हिंसा के विरोध में बिहार के बीडीओ ने लगाया काला बिल्ला, राजापाकर में भी जताया विरोध

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। छपरा में विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान घायल हुए दो प्रखंड विकास पदाधिकारियों के समर्थन में मंगलवार को राजापाकर समेत पूरे बिहार के बीडीओ ने काला बिल्ला लगाकर कार्य किया। बीडीओ ने घटना के विरोध में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
राजापाकर प्रखंड कार्यालय में भी प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने काला बिल्ला लगाकर अपने कार्यों का निष्पादन किया। उन्होंने कहा कि छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान दो बीडीओ के साथ हुई हिंसा की घटना गंभीर और चिंताजनक है। सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने वाले अधिकारियों पर इस तरह का हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।


वहीं ग्रामीण विकास सेवा संघ के अध्यक्ष सह जंदाहा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने कहा कि पूरे बिहार के बीडीओ काला बिल्ला लगाकर छपरा हिंसा में घायल हुए दोनों पदाधिकारियों के प्रति एकजुटता प्रकट कर रहे हैं और घटना का विरोध जता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी लगातार सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को धरातल पर लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कई बार उन्हें संवेदनशील परिस्थितियों में भी काम करना पड़ता है। ऐसे में अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बीडीओ संघ ने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि वे निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का पालन कर सकें।