-छठ पर रील बनाइए और जीतिए नकद पुरस्कार
-मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी ने शुरू की प्रतियोगिता -मिलेंगे 15 हजार रुपये
मुजफ्फरपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान इस बार मुजफ्फरपुर के लोगों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने के साथ नकद पुरस्कार जीतने का भी मौका मिलेगा। मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम की ओर से छठ महापर्व को लेकर रील प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसमें शहर के छठ घाटों, पर्व की परंपराओं और आसपास की खूबसूरती को कैमरे में कैद कर फेसबुक पर रील पोस्ट करनी होगी। प्रतियोगिता में कुल आठ प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए कुल 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 3 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले को 2 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पांच सर्वश्रेष्ठ रील बनाने वाले प्रतिभागियों को एक-एक हजार रुपये और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी मुजफ्फरपुर के पीआरओ कौशल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की आकर्षक रील बनाकर फेसबुक पर पोस्ट करनी होगी। रील पोस्ट करते समय स्मार्ट सिटी मुजफ्फरपुर के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट को टैग करना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन रील पर मिलने वाले व्यूज के आधार पर किया जाएगा। जिस प्रतिभागी की रील को अधिक व्यूज मिलेंगे, उसे प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में प्रतिभागियों को छठ महापर्व की परंपराओं, घाटों की सजावट, रोशनी, स्वच्छता और शहर की खूबसूरती को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत करना होगा।
स्मार्ट सिटी और नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य छठ घाटों की सुंदरता, लोक आस्था की परंपराओं और शहर में स्वच्छता के प्रयासों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना है। इस प्रतियोगिता से स्थानीय लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने और मुजफ्फरपुर की खूबसूरत तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।












