-चिराग के दरवाजे पर CM नीतीश के करीबी मंत्री, बेटे को समस्तीपुर से चुनाव लड़ाना चाहते हैं ?
संवाददाता। पटना/नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी मंत्री भी अब चिराग पासवान के दरवाजे पहुंच जा रहे. कुछ समय पहले तक चिराग पासवान को जी भर कर कोसने वाले जेडीयू नेता अब चिराग पासवान से नजदीकी बढ़ाने उनके घर पहुंच रहे. मंत्री महेश्वर हजारी आज अपने पूरे परिवार के साथ चिराग पासवान से मिलने दिल्ली स्थित आवास पहुंच गए. वैसे महेश्वर हजारी और पासवान परिवार आपस में रिश्तेदार हैं. 2020 विस चुनाव के दौरान नीतीश कुमार और चिराग पासवान के रिश्तों में आई खटास के बाद महेश्वर हजारी भी लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान से दूरी मेंटेन करने लगे थे. अब लोकसभा का चुनाव है, लिहाजा महेश्वर हजारी पत्नी और बेटे के साथ चिराग पासवान से मिलने पहुंच गए। अब इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं. कहा जा रहा है कि नीतीश कैबिनेट के मंत्री महेश्वर हजारी अपने बेटे को समस्तीपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाना चाहते हैं.
बता दें, जब जेडीयू और भाजपा के बीच गठबंधन नहीं हुआ था तब महेश्वर हजारी समस्तीपुर सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे. अंदर ही अंदर वे तैयारी भी कर रहे थे. परिस्थिति बदल गई है, अब जेडीयू-भाजपा-लोजपा का गठबंधन हो गया है. महेश्वर हजारी खुद नीतीश कैबिनेट में मंत्री बन गए हैं. लिहाजा अब अपने बेटे को सेट करना चाहते हैं. जानकार बताते हैं कि नीतीश कुमार के मंत्री महेश्वर हजारी अपनी इच्छा प्रकट करने लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान के दिल्ली आवास पर पहुंचे थे. चिराग पासवान की तरफ से इसकी तस्वीर भी जारी की गई है, जिसमें नीतीश कुमार के मंत्री अपने परिवार के साथ चिराग पासवान और उनकी मां से मिल रहे हैं. अब दोनों में क्या बात हुई यह तो चिराग या महेश्वर हजारी ही बता सकते हैं, लेकिन तस्वीर सामने आने के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि महेश्वर हजारी अपने बेटे को समस्तीपुर से लोकसभा का टिकट चाहते हैं. यही वजह है कि वे चिराग से मिलने उनके आवास पहुंच गए।

एनडीए में सीट बंटवारे होने के बाद अब चिराग पासवान की सीट भी फाइनल हो गई है। इसका एलान खुद चिराग पासवान ने मीडिया के सामने किया है। चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी के खाते में गई पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा चल रही है, कुछ नामों का सुझाव बिहार संसदीय बोर्ड द्वारा आया है उस पर भी चर्चा हुई है। उन्होंने बताया है कि हाजीपुर सीट से NDA के प्रत्याशी के रूप में मैं खुद चुनाव लड़ूंगा। बता दें, बिहार एनडीए में सीट बंटवारे में चिराग पासवान को पांच सीटें दी गई है. जिसमें समस्तीपुर सीट भी है. खबर है कि चिराग पासवान के खाते में गई समस्तीपुर सीट पर महेश्वर हजारी की नजर है. वे चाहते हैं कि इस सीट से उका बेटा चुनावी मैदान में उतरे.












