-चार दिवसीय योग विज्ञान शिविर जनकपुरधाम में शुरू, साध्वी देवदिती ने बताया योग का महत्व
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर: जनकपुरधाम के तिरहुतिया गाछी में सोमवार से चार दिवसीय योग एवं विज्ञान शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का आयोजन योग गुरु बाबा रामदेव की शिष्या साध्वी देवदिती के सानिध्य में किया जा रहा है। सुबह आयोजित योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
योग शिविर की शुरुआत से पहले साध्वी देवदिती ने योग, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति और ऋषि-मुनियों की तपस्या का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली और अब प्रत्येक वर्ष 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है।
साध्वी देवदिती ने युवाओं से योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच योग, सात्विक आहार और आयुर्वेद स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं के नियमित अभ्यास से स्वास्थ्य बेहतर रखने में सहायता मिलती है।
शिविर में धनुषा जिला के पतंजलि योग केंद्र से जुड़े लोगों के अलावा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी भाग ले रहे हैं। योग शिविर का संचालन प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक किया जा रहा है।














