Advertisement

चलती ट्रेन में TTE धर्मवीर यादव की सूझबूझ से बची 6 माह के मासूम की जान, समाजसेवी कालीचरण ने की सराहना

-चलती ट्रेन में TTE धर्मवीर यादव की सूझबूझ से बची 6 माह के मासूम की जान, समाजसेवी कालीचरण ने की सराहना

मोकामा/दरभंगा: ट्रेन संख्या 13246 कैपिटल एक्सप्रेस में 15 मई 2026 को मानवता और तत्परता की मिसाल देखने को मिली। मोकामा स्टेशन पहुंचने से पहले एक कोच में सफर कर रहे 6 माह के शिशु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चा लगातार रोने लगा, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और कोच में चिंता का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात TTE धर्मवीर यादव ने बिना देर किए तत्काल दानापुर कमर्शियल कंट्रोल को सूचना दी और मोकामा स्टेशन पर मेडिकल इमरजेंसी की व्यवस्था करवाई। उनकी तत्परता के कारण ट्रेन के मोकामा स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी।

मेडिकल टीम ने शिशु को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उसकी हालत स्थिर हो गई। बच्चे के स्वस्थ होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और TTE धर्मवीर यादव सहित भारतीय रेलवे का आभार व्यक्त किया।

इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए दरभंगा जिले के बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत भच्छी पंचायत के समाजसेवी कालीचरण यादव ने कहा कि धर्मवीर यादव ने अपनी सूझबूझ और संवेदनशीलता से एक मासूम की जान बचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि धर्मवीर यादव भच्छी गांव के निवासी हैं और हमेशा से समाजसेवा व परोपकार की भावना रखते हैं। उनका यह कार्य सभी के लिए प्रेरणादायक है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय रेलवे के कर्मी केवल अपनी ड्यूटी ही नहीं निभाते, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता का भी परिचय देते हैं। TTE धर्मवीर यादव की तत्परता और संवेदनशीलता की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।