घर के सामान की आड़ में 630 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। गायघाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए घर के सामान से लदे एक पिकअप वाहन से 630 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब और वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, PB 08 FS 0728 नंबर की पिकअप को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। जांच में पता चला कि वाहन में घर का सामान लोड होने की आड़ में अवैध रूप से विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। तलाशी के दौरान रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की कुल 630 लीटर शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र के बेहतकला निवासी शुभम तिवारी (30 वर्ष), मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के धरमपुर निवासी सोनू कुमार (22 वर्ष) तथा समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के समरथा निवासी पिंकू महतो (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में 375 एमएल की 24-24 बोतलों वाले 15 कार्टन, कुल 135 लीटर तथा 750 एमएल की 12-12 बोतलों वाले 55 कार्टन, कुल 495 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इस तरह कुल 630 लीटर शराब जब्त की गई है।
गायघाट थाना पुलिस ने बरामद शराब और प्रयुक्त पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।












