-घर के पास से अगवा की गई दलित किशोरी से गैंगरेप; 4 नामजद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर/बोचहां।
मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के पास शौचालय के लिए गई एक दलित किशोरी को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है, जिसका खुलासा मंगलवार को किशोरी के परिजन द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद हुआ। मामले में कुल चार युवकों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से एक मुख्य आरोपित को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में वारदात का पूरा ब्यौरा दिया है। उसने बताया कि रविवार की रात वह अपने घर के पास शौचालय के लिए गई थी। तभी पीछे से आए दो युवकों ने उसे दबोच लिया और मुंह दबाकर जबरन गाड़ी में बैठा लिया।

किशोरी के अनुसार, उसे गायघाट थाना क्षेत्र की ओर ले जाया गया। रास्ते में ही वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो उसने खुद को गायघाट थाना क्षेत्र के एक कमरे में बंद पाया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
आरोपियों में बोचहां गांव के दो युवक और गायघाट थाना क्षेत्र के बघाखाल निवासी दो युवक शामिल हैं।
बोचहां थानाध्यक्ष श्रीकान्त चौरसिया ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपित जितेंद्र कुमार राम को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने पुष्टि की है कि बाकी तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना और आरोपियों की पहचान की पुष्टि के लिए जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का 164 का बयान दर्ज कराया जाएगा।












