Advertisement

गोबरसही-डुमरी रोड पर जलजमाव से लोग बेहाल

-गोबरसही-डुमरी रोड पर जलजमाव से लोग बेहाल

— एक दशक से अधूरा वादा बना दर्द, अफसरों की चुप्पी पर नाराज़गी

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

शहर से सटे गोबरसही-डुमरी रोड के लोगों के लिए जलजमाव की समस्या अब नासूर बन चुकी है। लगभग एक दशक से यहां के लोग इस स्थायी संकट से जूझ रहे हैं। बरसात के दिनों में तो हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क पर नाले का निर्माण नहीं होने से हर साल गंदे पानी का ढेर लग जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोबरसही से डुमरी तक मुख्य सड़क पर डेढ़ से दो फीट तक गंदा पानी जमा रहता है। न तो जलनिकासी की कोई व्यवस्था है, न ही जिम्मेदार विभागों ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है। सड़क पर सड़ते गंदे पानी से दुर्गंध फैल जाती है और आसपास के मोहल्लों — प्रभात नगर, श्रीकृष्ण नगर, चाणक्यापुरी व पंचवटी नगर — के लोग भी प्रभावित होते हैं।

डुमरी निवासी सुरेंद्र पासवान बताते हैं कि जलजमाव के कारण चौक तक पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है। वहीं, मझौली खेतल विकास मंच के अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता और सचिव राजेश नारायण ने कहा कि उन्होंने वर्षों से इस समस्या को लेकर प्रयास किया है। कई बार नगर विकास मंत्री, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और पथ प्रमंडल के अभियंता को ज्ञापन भी सौंपा गया, मगर परिणाम सिफर रहा।

अमृता कुमारी, जो प्रतिदिन इस सड़क से गुजरती हैं, बताती हैं — “गंदे पानी से होकर रोज़ गुजरना जंग जीतने जैसा है। रात में तो हालात और भी भयावह हो जाते हैं।”

स्थानीय लोग अब फिर से एकजुट होकर प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक नाला निर्माण और उचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होगी, तब तक गोबरसही-डुमरी रोड की पीड़ा खत्म नहीं होगी।

#MuzaffarpurNews #WaterLoggingCrisis #GobarSahiDumriRoad #PublicSuffering #CityIssues #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ #LocalVoices #BiharUrbanProblems #InfrastructureFailure