Advertisement

गायघाट में संदिग्ध हालात में मिला चौकीदार का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

-गायघाट में संदिग्ध हालात में मिला चौकीदार का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर । संवाददाता।

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक चौकीदार की लाश उसके घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेनीबाद थाना क्षेत्र के सुस्ता चट्टी में पदस्थापित चौकीदार रमेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

बताया गया कि सुबह ग्रामीणों ने रमेश सिंह के घर का दरवाज़ा खुला देखा। अंदर जाने पर उनका शव चौकी पर बैठी अवस्था में मिला। उनकी गर्दन में रस्सी बंधी थी, और रस्सी का दूसरा सिरा ऊपर लगे पंखे में फंसा हुआ था। रमेश का चेहरा काला पड़ चुका था और जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे मौत की परिस्थिति संदेहपूर्ण प्रतीत हो रही है।

पत्नी से संपर्क नहीं होने पर खुला मामला:

जानकारी के अनुसार, रमेश सिंह की पत्नी नीतू कुमारी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। दो दिनों से रमेश के फोन नहीं उठाने पर उन्हें शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब उनके घर पहुंची, तो बरामदे में शव पड़ा हुआ मिला।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को रमेश सिंह को बाहर टहलते हुए देखा गया था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मौत को दो दिन हो चुके हैं। वहीं परिजनों ने इस घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है।

एफएसएल टीम पहुंची, पुलिस कर रही जांच:

घटना स्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने सभी साक्ष्यों को बारीकी से खंगाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश सिंह अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा पर बहाल हुए थे। एक साल पहले ही उनकी मां का भी निधन हुआ था, जिसके बाद से वह अकेले ही घर में रह रहे थे।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।