-गायघाट में नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़, ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर चल रहा था गोरखधंधा
मुजफ्फरपुर/गायघाट। गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नकली सीमेंट बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली सीमेंट, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में नामी कंपनियों के मिलते-जुलते नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली सीमेंट तैयार किया जा रहा था। मुनाफाखोर लंबे समय से लोगों को ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सीमेंट बेचकर ठगी कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री में बड़ी कंपनियों के ट्रेडमार्क और पैकेजिंग की हूबहू नकल की जा रही थी।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित कंपनियों को दे दी गई है। कंपनियों द्वारा आधिकारिक सत्यापन के बाद विधिवत एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही इस अवैध कारोबार के मास्टरमाइंड और इससे जुड़े डीलरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सीमेंट किन-किन बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था।
गायघाट से दीपक कुमार की रिपोर्ट












