Advertisement

आधार सेंटर के नाम पर 4.60 लाख की अवैध वसूली का आरोप, साइबर थाने में शिकायत

-आधार सेंटर के नाम पर 4.60 लाख की अवैध वसूली का आरोप, साइबर थाने में शिकायत

मुजफ्फरपुर। जिले में आधार केंद्र के संचालन के नाम पर कथित अवैध वसूली और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पारू प्रखंड के रहने वाले राजू कुमार ने आधार केंद्र की आईडी एक्टिवेट कराने के नाम पर 4 लाख 60 हजार रुपये वसूले जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने मुजफ्फरपुर साइबर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
साइबर थाने को दिए गए आवेदन के अनुसार, एक बिचौलिए के माध्यम से राजू कुमार से आधार केंद्र काउंटर के नाम पर 4.60 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद उनकी दो आईडी एक्टिवेट कर दी गईं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद दोनों आईडी बंद कर दी गईं। पीड़ित ने इसकी शिकायत कंपनी के वरीय अधिकारियों से की तो उनकी आईडी दोबारा चालू कर दी गई। आरोप है कि इसके बाद आईडी संचालन के एवज में फिर से पैसे की मांग की जाने लगी। अतिरिक्त राशि देने से इनकार करने पर उनकी दोनों आईडी हमेशा के लिए ब्लॉक कर दी गईं।


राजू कुमार ने आरोप लगाया है कि संबंधित लोग सरकारी नियमों की अनदेखी कर प्रखंड कार्यालय परिसर से बाहर गुप्त रूप से आधार केंद्र संचालित कर रहे हैं। उनका दावा है कि ऐसे केंद्रों पर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड बनाने का काम भी किया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, सरकारी व्यवस्था के तहत अधिकृत कंपनी को प्रखंड कार्यालय परिसर में आधार केंद्र संचालित करने की जिम्मेदारी दी जाती है। इन केंद्रों पर नए आधार नामांकन और नाम, पता, बायोमेट्रिक सहित अन्य जानकारियों में अधिकृत सुधार का काम किया जाता है। आरोप है कि कुछ टेंडरधारी कंपनियां सब-लीज या अन्य लोगों के माध्यम से केंद्रों का संचालन कराती हैं। इसी का फायदा उठाकर बिचौलियों द्वारा आईडी एक्टिवेट कराने के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है और प्रखंड परिसर से बाहर अवैध केंद्र चलाए जाते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कथित अवैध वसूली और आधार केंद्र संचालन में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।