Advertisement

राजापाकर में 13.30 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन युवक गिरफ्तार, असम से ट्रेन के जरिए लाने की मिली थी सूचना

-राजापाकर में 13.30 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन युवक गिरफ्तार, असम से ट्रेन के जरिए लाने की मिली थी सूचना

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 13.30 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान उपेंद्र कुमार, पिता जयमंगल राय, निवासी बैकुंठपुर, सौरभ कुमार, पिता आलोक राय और आयुष कुमार, पिता चंदन राय, दोनों निवासी राजापाकर दक्षिणी वार्ड संख्या-9 के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राजापाकर थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा को मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार, पटना से सूचना मिली थी कि राजापाकर के तीन युवक असम के सिलचर से ट्रेन के माध्यम से मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं।

तीनों के हाजीपुर जंक्शन पर उतरकर राजापाकर पहुंचने की संभावना थी। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ तत्काल छापेमारी की योजना बनाई।
पुलिस टीम राजापाकर दक्षिण टोला के वार्ड संख्या-5 स्थित मछगरा गाछी पहुंची। वहां तीन युवक पीठ पर बैग लटकाए दिखाई दिए। पुलिस वाहन देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके बैग से लाल रंग के प्लास्टिक डिब्बे में छिपाकर रखा गया 13.30 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ।
इसके बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद प्रखंड श्रम पदाधिकारी की उपस्थिति में बरामद मादक पदार्थ को विधिवत सील किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के परिजनों को भी इसकी सूचना दी। थाने में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपितों को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां पुलिस पदाधिकारी ने मामले की जानकारी दी।
इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल, एसआई ए.के. काजी सहित थाना के पुलिस बल शामिल थे।