-गांधी मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण: नीतीश मुख्यमंत्री, सम्राट–विजय बने डिप्टी सीएम, 26 मंत्रियों के साथ नई एनडीए सरकार का आगाज
दीपक कुमार तिवारी।पटना।
बिहार की राजनीति ने गुरुवार को एक बार फिर बड़ा बदलाव देखा। राज्य की नई एनडीए सरकार ने पूरी तरह आकार ले लिया है और पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य और शाही माहौल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने तीनों शीर्ष पदाधिकारियों के साथ कुल 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस मंत्रिमंडल में बीजेपी, जदयू, लोजपा (आर), हम और रालोमो के नेताओं को प्रतिनिधित्व मिला है।
इस बार कैबिनेट के गठन में बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला। कुल 19 पुराने मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया, जबकि 12 नए चेहरे सीधे सत्ता के केंद्र में पहुंचे हैं। पत्ता कटने वालों में पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र नीतीश मिश्रा जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। यह बदलाव साफ़ तौर पर संदेश देता है कि एनडीए इस कार्यकाल में नई ऊर्जा और नई रणनीति के साथ काम करना चाहता है।

शपथ ग्रहण समारोह अपने आप में बेहद खास रहा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और हजारों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। बता दें कि नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी यह यात्रा उन्हें बिहार की राजनीति में स्थिरता और अनुभव का सबसे बड़ा चेहरा साबित करती है। यह एनडीए की 8वीं सरकार है, और इसके मुखिया के रूप में नीतीश की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
नीतीश कुमार ने संकेत दिया है कि मकर संक्रांति के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। कई बड़े नेताओं के लिए अभी भी कैबिनेट में जगह बन सकती है, लेकिन उन्हें कुछ समय इंतज़ार करना पड़ेगा। फिलहाल, एनडीए की यह नई टीम अनुभव और उत्साह के मिश्रण के साथ बिहार की राजनीति में एक नई दिशा देने को तैयार है।












