-गर्मी बढ़ते ही पीएचडी विभाग सक्रिय, खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत शुरू
राजापाकर–संजय श्रीवास्तव। प्रखंड क्षेत्र में गर्मी का असर बढ़ते ही पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पीएचडी विभाग सक्रिय हो गया है। जिला पदाधिकारी वैशाली के निर्देशानुसार विभिन्न पंचायतों में लगे खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जा रही है, ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में पीएचडी विभाग के चापाकल मिस्त्री नरेश राय की टीम ने गुरुवार को कई पंचायतों के विभिन्न वार्डों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत की। राजापाकर उत्तरी पंचायत के राजापाकर बाजार स्थित प्रखंड मुख्यालय के पास नीरज कुमार के दरवाजे पर लगे हाथीकल को ठीक किया गया।
इसके अलावा दिनेश ठाकुर (वार्ड संख्या 10), मोहम्मद मुकीम (वार्ड संख्या 11), मोहम्मद मरण मियां (वार्ड संख्या 11), गणेश कुमार (वार्ड संख्या 13), मनोज राम (वार्ड संख्या 10) समेत कई स्थानों पर सांसद एवं विधायक योजना से लगाए गए चापाकलों की भी मरम्मत की गई।

जानकारी के अनुसार, गर्मी शुरू होते ही पीएचडी विभाग द्वारा लगाए गए कई चापाकल सूख गए थे या खराब हो गए थे, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी हो रही थी। सार्वजनिक स्थलों पर लगे इन चापाकलों के ठीक होने से अब गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी और राहगीरों को भी पानी की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस संबंध में पीएचडी विभाग की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में विभाग द्वारा हाथीकल एवं चापाकल लगाए गए हैं। यदि कहीं चापाकल खराब है तो संबंधित लोग विभाग से संपर्क करें, ताकि शीघ्र मरम्मत कर पेयजल सुविधा बहाल की जा सके।












