Advertisement

क्रिकेटर ईशान किशन के पिता का पॉलिटिकल डेब्यू

क्रिकेटर ईशान किशन के पिता का पॉलिटिकल डेब्यू

-नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से सियासी पारी का आगाज

संवाददाता। पटना।

भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार बल्लेबाज ईशान किशन के पिता प्रणव पाण्डेय ने अपने सियासी पारी की शुरुआत की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए। पटना JDU कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद संजय कुमार झा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और कई बड़े नेता मौजूद रहे।
ईशान किशन के पिता के राजनीति में आने से बिहार की राजनीति में नया रंग देखने को मिल सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रणव पाण्डेय अपनी नई पारी में क्या कमाल दिखा पाते हैं। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और JDU नए चेहरों और रणनीतियों के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। 13 नवंबर को राज्य की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, जिसके बाद JDU अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगी।
क्रिकेटर ईशान किशन के पिता प्रणव पाण्डेय के जेडीयू जॉइन करने पर संजय झा ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति उनकी आस्था लंबे समय से है, जो अब सार्वजनिक रूप में सामने आई है। उनके आने से पार्टी को खासकर मगध क्षेत्र में मजबूती मिलेगी, और ईशान किशन जैसे प्रतिष्ठित खिलाड़ी का परिवार पार्टी से जुड़कर समर्थन बढ़ाएगा।

ईशान किशन इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारत ए टीम का हिस्सा हैं। वे BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल नहीं हैं। हाल ही में, उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले अपनी मां और दादी का आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो में उनके परिवार का प्यार और भावनाएं साफ देखी जा सकती हैं।