Advertisement

केले के रेशे से बनी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मूर्ति बनेगी समृद्धि यात्रा की खास पहचान

-केले के रेशे से बनी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मूर्ति बनेगी समृद्धि यात्रा की खास पहचान

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड मुख्यालय के राजापाकर बाजार निवासी जीविका दीदी नीलम कुमारी ने अपनी विशिष्ट कला से जिले को एक नई पहचान दिलाई है। नीलम कुमारी एवं उनकी पुत्री डिजाइनर अदिति राज द्वारा केले के रेशे से माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आकर्षक मूर्ति तैयार की गई है। यह मूर्ति वैशाली जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार बनाई गई है, जिसे आगामी 24 जनवरी को वैशाली जिले में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान जंदाहा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बटेश्वर नाथ स्थान में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को भेंट किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नीलम कुमारी जीविका से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र हरिहरपुर, वैशाली से केले के रेशे से कलाकृतियां बनाने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण के बाद से वे लगातार केले के रेशे से विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बना रही हैं, जिनमें उनकी पुत्री अदिति राज डिजाइनिंग के माध्यम से सहयोग करती हैं।


नीलम दीदी की कला को इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित मंचों पर सराहना मिल चुकी है। वे केले के रेशे से बनी कलाकृतियां केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय तथा कृषि मंत्री रामकृपाल सिंह यादव को कृषि विज्ञान केंद्र हरिहरपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भेंट कर चुकी हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के निर्देश पर नीलम कुमारी द्वारा एक विशेष कलाकृति तैयार की गई थी, जिसे पूनौरा धाम, सीतामढ़ी में राम मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह को भेंट किया गया था। इस कलाकृति में राजा जनक द्वारा खेत जोतने के दौरान हांडी से माता सीता के प्राकट्य का भावपूर्ण चित्रण किया गया था।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नीलम कुमारी की यह कला न केवल जीविका दीदियों की प्रतिभा को उजागर करती है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की सोच को भी साकार करती है।