Advertisement

कृषक ऋण मोचन शिविर में किसानों को मिली राहत, एनपीए कृषि ऋण निपटारे पर दिया गया जोर

-कृषक ऋण मोचन शिविर में किसानों को मिली राहत, एनपीए कृषि ऋण निपटारे पर दिया गया जोर

राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी पंचायत स्थित मुखिया सत्येंद्र कुमार सिंह के आवासीय परिसर में बुधवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गाजीपुर शाखा द्वारा कृषक ऋण मोचन योजना के तहत एनपीए कृषि ऋण के निपटारे के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बैंक के शाखा प्रबंधक डॉ. विवेक कुमार सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषक ऋण मोचन योजना किसानों के लिए पुराने कर्ज से मुक्ति पाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि बैंक किसानों के द्वार पहुंचकर उन्हें अधिकतम छूट का लाभ प्रदान कर रहा है, ताकि वे अपने बकाया ऋण का निपटारा कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।


उन्होंने बताया कि यह विशेष सुविधा सीमित अवधि के लिए उपलब्ध है। ऐसे में जिन किसानों के कृषि ऋण एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) की श्रेणी में चले गए हैं, वे बैंक शाखा से संपर्क कर आकर्षक छूट का लाभ उठाएं और अपने पुराने कर्ज से मुक्ति प्राप्त करें।
शिविर के दौरान बैंक द्वारा दर्जनों किसानों को विशेष छूट प्रदान कर उनके बकाया ऋण का निपटारा कराया गया। साथ ही अन्य किसानों से भी योजना का लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बैंक के शाखा प्रबंधक डॉ. विवेक कुमार सिंह, रीजनल कार्यालय से मृणाल चमन, सुपरवाइजर विरेश कुमार, बीसी रवि कुमार राय, मुखिया सत्येंद्र कुमार सिंह, संजय सिंह, अजय सिंह, शिवनाथ सिंह, विनोद सिंह, अरुण सिंह, बच्चा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।