‘कुछ लोग अंड-बंड बोलता है…’, BJP के इस दिग्गज नेता पर भड़के Nitish Kumar; आखिर किस बात पर आया गुस्सा?
पटना। संवाददाता।
आईएनडीआईए की दिल्ली बैठक के बाद यह बात तेजी से चर्चा में आई थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाराज चल रहे हैं। यह बात कही जाने लगी कि मल्लिकार्जुन खरगे को प्रधानमंत्री पद के लिए चेहरा बनाए जाने का ममता बनर्जी का प्रस्ताव जदयू को पसंद नहीं। इस प्रसंग के कई दिनों बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को अपनी चुप्पी तोड़ी।
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने कहा कि हम जरा भी नाराज नहीं। हम तो आरंभ से यह कह रहे कि हमारी कोई इच्छा नहीं। दिल्ली की बैठक में उन्होंने तो तेजी से सीट शेयरिंग की बात कही थी। तेजी से सीटों का मामला तय होना जरूरी है।

हमारी पार्टी पूरी तरह से एकजुट है’:
लंबी अवधि के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। सबकुछ ठीक-ठाक है। मुख्यमंत्री से जब यह पूछा गया कि भाजपा नेता सुशील मोदी यह कह रहे कि जदयू में सबकुछ ठीक नहीं?
‘कुछ लोग अंड-बंड बोलते रहते हैं’:
इस पर उन्होंने कहा कि कौन क्या बोलता है उस पर हम कुछ नहीं बोलते। कुछ लोग अंड-बंड बोलते रहते हैं कि इससे उन्हें कुछ लाभ हो जाए। उन्होंने कहा कि हमने दस लाख लोगों की बहाली की बात कही थी। आधा के करीब तो पहुंच ही गए हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति अपनी श्रद्धा के संबंध में उन्होंने कहा कि उनके साथ बहुत ही अच्छा रिश्ता था। उनके प्रति जो आदर का भाव है वह जीवन भर रहेगा। उनके प्रधानमंत्री काल में कभी भी दूसरे धर्म वालों को दिक्कत नहीं होती था। जितने दिन भी वह प्रधानमंत्री रहे सब कुछ ठीक रहा। उनका बहुत अच्छा काम था। उनके पास हम जो भी काम लेकर जाते थे उसे तुरंत स्वीकृति दे दिया करते थे।












