-एमएड प्रवेश परीक्षा पर संशय, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्रों की घोषणा का इंतजार
-सैकड़ों अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता
-150 सीटों के लिए 400 से अधिक आवेदन -निर्धारित तिथि पर परीक्षा होने को लेकर असमंजस
-छह महीने से लॉ की प्रवेश परीक्षा भी लंबित
मुजफ्फरपुर। विश्वविद्यालय में एमएड और लॉ पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। एमएड प्रवेश परीक्षा को लेकर अब तक न तो प्रवेश पत्र जारी किया गया है और न ही परीक्षा केंद्रों की घोषणा हुई है। इससे निर्धारित तिथि पर परीक्षा आयोजित होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विश्वविद्यालय की मौजूदा तैयारियों को देखते हुए परीक्षा में देरी की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में एमएड में नामांकन की प्रतीक्षा कर रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों का इंतजार और लंबा हो सकता है।
विश्वविद्यालय की ओर से पिछले महीने एमएड पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। इसके तहत 26 अक्टूबर से छह नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित तीन कॉलेजों की कुल 150 सीटों पर नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जानी है। इसके लिए 400 से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

तीन कॉलेजों में 150 सीटों पर होना है नामांकन:
एमएड पाठ्यक्रम के तहत सीटीई तुर्की में 50, एलएन मिश्र कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में 50 और विशुन राजदेव टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में 50 सीटें निर्धारित हैं। इस तरह तीनों कॉलेजों में कुल 150 सीटों पर दाखिला होना है। सीटों की तुलना में आवेदकों की संख्या अधिक होने से प्रवेश परीक्षा में प्रतिस्पर्धा भी रहेगी। लेकिन परीक्षा कार्यक्रम और प्रवेश पत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ रही है।
छह महीने से लॉ प्रवेश परीक्षा का भी इंतजार:
एमएड के साथ विश्वविद्यालय में लॉ पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा का मामला भी लंबे समय से लंबित है। प्री-लॉ और एलएलबी में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हुए करीब छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है। नवंबर का आधा महीना बीत जाने के बाद भी परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं होने से छात्र-छात्राओं में नाराजगी है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रवेश परीक्षाओं में देरी से उनकी आगे की पढ़ाई और शैक्षणिक योजना प्रभावित हो रही है। अब सभी की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन पर टिकी हैं कि एमएड और लॉ प्रवेश परीक्षाओं को लेकर कब तक स्पष्ट कार्यक्रम जारी किया जाता है।










