Advertisement

बच्चों के खेल का विवाद बना दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प की वजह, चाकूबाजी में कई घायल

-बच्चों के खेल का विवाद बना दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प की वजह, चाकूबाजी में कई घायल

-डुमरी दुबे टोला में युवक को खूंटे से बांधकर पीटने का आरोप
-बचाने पहुंचे मां और भाई पर भी हमला
-दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी

मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के डुमरी दुबे टोला में बच्चों के बीच खेल को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में मारपीट और चाकूबाजी के दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। मामले को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों की ओर से सदर थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बेटे को खूंटे से बांधकर पीटने का आरोप, बचाने पहुंचे मां-भाई पर हमला:

पहले पक्ष की बबली देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 13 नवंबर की शाम उनके देवर के छोटे बेटे ने बच्चों के बीच खेल के दौरान हुए विवाद को सुलझा दिया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग नाराज थे। आरोप है कि 14 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे उनका पुत्र पीयूष कुमार घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस के बच्चों के बहाने उसे बुलाया गया। इसके बाद मनीष दुबे, अभिमन्यु दुबे, सतीश दुबे, हिमांशु कुमार, अजीत दुबे, करण कुमार समेत अन्य लोगों ने उसे खूंटे से बांधकर मारपीट की।

बबली देवी के अनुसार, बेटे को बचाने पहुंचे बड़े पुत्र प्रिंस कुमार और उनकी मां तुर्णा देवी पर भी धारदार चाकू से हमला किया गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ की दर्ज कराई शिकायत:

वहीं, दूसरे पक्ष के अभिमन्यु कुमार दुबे ने भी सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अपने आवेदन में संजीत दुबे, राजीव दुबे, कमलेश दुबे, मुकेश दुबे और सुमित कुमार दुबे पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। अभिमन्यु का कहना है कि मारपीट के दौरान उनका सिर फट गया। इसके अलावा आरोपितों पर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने और थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

दोनों पक्षों की प्राथमिकी पर पुलिस कर रही जांच:

बच्चों के खेल से शुरू हुए विवाद के बाद दो परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।