-छेड़छाड़ और वीडियो वायरल करने की धमकी का विरोध करने पर दंपती की पिटाई, पति की नाक की हड्डी टूटी
-जमसरूआ गांव में परिजनों के साथ घर पर हमला करने का आरोप -बाइक क्षतिग्रस्त करने और गहने ले जाने की भी शिकायत
मुजफ्फरपुर। कच्ची-पक्की थाना क्षेत्र के जमसरूआ गांव में छेड़छाड़ और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी का विरोध करने पर एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने अपने परिजनों के साथ उनके घर पर हमला कर पति-पत्नी की पिटाई कर दी। इस घटना में महिला के पति की नाक की हड्डी टूट गई, जबकि आंख के पास भी गंभीर चोट आई है। पीड़िता ने मामले में थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नहाते समय वीडियो बनाने और छेड़छाड़ का आरोप:
पुलिस को दिए आवेदन में महिला ने बताया है कि 10 नवंबर की सुबह उसका पति किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान गांव का निवासी रंजीत चौधरी कथित रूप से जबरन घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने नहाते समय बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। महिला ने किसी तरह खुद को बचाया और पति के घर लौटने पर उसे पूरी घटना की जानकारी दी।
विरोध करने पर परिजनों के साथ पहुंचकर की मारपीट:
पीड़िता के अनुसार, घटना का विरोध करने पर रंजीत चौधरी अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंच गया। आरोप है कि सभी ने मिलकर दंपती के साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के पति को गंभीर चोटें आईं और उनकी नाक की हड्डी टूट गई। हमलावरों ने घर में खड़ी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान ले जाने का भी आरोप लगाया है।
थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग:
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने घायल पति का इलाज कराया। इसके बाद महिला ने कच्ची-पक्की थाने में लिखित आवेदन देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।










