-किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी, मुख्यमंत्री ने खरीफ महाभियान-2026 का किया शुभारंभ
पटना, 14 जून। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रविवार को 01 अणे मार्ग से किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दो कृषि ज्ञान वाहनों सहित राज्य के सभी जिलों के लिए किसान जागरूकता वाहनों को रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन जागरूकता वाहनों के माध्यम से किसानों तक खरीफ मौसम से संबंधित सरकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, उत्पादकता बढ़ाने और उनकी आय में वृद्धि करना है।
कृषि विभाग के अनुसार, जागरूकता वाहन किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक, अनुदानित दर पर कृषि उपादान वितरण, कृषि उपकरणों की जानकारी तथा विभागीय योजनाओं से अवगत कराएंगे। इसके अलावा किसानों को डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

अभियान के तहत प्रशिक्षण एवं विस्तार सेवाओं, खेत बचाओ अभियान, प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। विभाग का मानना है कि इससे खेती की लागत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद यादव, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, कृषि विभाग के निदेशक श्री सौरभ सुमन यादव, निदेशक उद्यान श्री अभिषेक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सरकार को उम्मीद है कि शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 के माध्यम से राज्य के किसानों को कृषि योजनाओं का अधिक लाभ मिलेगा और आधुनिक तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा मिलेगा।











