Advertisement

कांटी में नहर टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न, किसानों में भारी आक्रोश

-कांटी में नहर टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न, किसानों में भारी आक्रोश

कांटी (मुजफ्फरपुर)। कांटी प्रखंड के झिटकाही मधुबन पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव में नहर का बांध टूट जाने से सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। खेतों में पानी भर जाने से हाल ही में रोपी गई धान की फसल डूब गई, जिससे किसानों के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों और किसानों के अनुसार, कुछ ही दिन पहले धान की रोपनी पूरी की गई थी। अचानक नहर का बांध टूटने के बाद तेज़ी से पानी खेतों में फैल गया और देखते ही देखते सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का कहना है कि रोपनी में उन्होंने काफी मेहनत और पूंजी लगाई थी, लेकिन एक ही घटना ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।


घटना के बाद प्रभावित किसानों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो पूरी फसल नष्ट हो जाएगी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, टूटे हुए नहर बांध की शीघ्र मरम्मत कराने, मजबूत बांध का निर्माण कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसानों की मेहनत सुरक्षित रह सके।