Advertisement

कल्याणपुर में भाकपा-माले का 11वां जिला सम्मेलन शुरू, केंद्र सरकार पर जमकर निशाना

-कल्याणपुर में भाकपा-माले का 11वां जिला सम्मेलन शुरू, केंद्र सरकार पर जमकर निशाना

धीरेन्द्र झा बोले—लोकतंत्र और संविधान पर हमला, मंजू प्रकाश ने कहा—बलात्कारियों को संरक्षण लोकतंत्र के खिलाफ

कल्याणपुर/समस्तीपुर, 18 अप्रैल 2026
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत बिरसिंहपुर स्थित चंदा विवाह भवन में भाकपा-माले का 11वां दो दिवसीय जिला सम्मेलन शनिवार को शुरू हो गया। सम्मेलन का शुभारंभ पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉमरेड सुखलाल यादव द्वारा झंडोत्तोलन के साथ किया गया, जिसके बाद शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए भाकपा-माले के पोलित ब्यूरो सदस्य एवं मिथिलांचल प्रभारी कॉमरेड धीरेन्द्र झा ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार ने आजादी से मिले लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के जीने के अधिकारों पर चौतरफा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में दलितों, मुसलमानों और प्रगतिशील ताकतों पर हमले बढ़े हैं तथा कॉरपोरेट घरानों को देश की संपदा सौंपने का काम किया जा रहा है।


सम्मेलन की मुख्य वक्ता और पूर्व विधायिका कॉमरेड मंजू प्रकाश ने कहा कि देश में किसानों, मजदूरों और युवाओं को भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा सरकार पर बलात्कारियों को सजा से मुक्त करने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताया। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी और जन अधिकारों के मुद्दे पर गांव से शहर तक आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र को प्रोफेसर प्रभात कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में लोकयुद्ध के संपादक संतोष सहर भी मौजूद रहे। अतिथियों, प्रतिनिधियों और पत्रकारों का स्वागत प्रखंड सचिव दिनेश कुमार ने अंगवस्त्र देकर किया।
सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरों से करीब 250 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। राज्य स्थायी समिति सदस्य वैद्यनाथ यादव सम्मेलन के पर्यवेक्षक हैं। सम्मेलन के सांगठनिक सत्र में जिला सचिव उमेश कुमार द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर प्रतिनिधि बहस कर रहे हैं, जो रविवार तक जारी रहेगी।
सम्मेलन के अंतिम दिन नई जिला कमिटी और जिला सचिव का चुनाव भी किया जाएगा।