-एमडीडीएम कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान, डीएम ने युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की
मुजफ्फरपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव के निर्देश पर मंगलवार को महंथ दर्शन दास महिला महाविद्यालय (एमडीडीएम कॉलेज) में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने भाग लिया। उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार के नेतृत्व में जिला निर्वाचन विभाग की टीम ने मतदान और मतदाता पंजीकरण को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच क्विज, प्रश्नोत्तर और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, एनसीसी की छात्राओं ने मतदान के महत्व पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
अपने संदेश में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि निर्वाचक सूची में नाम होना मतदान का पहला और सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवक-युवतियों को बिना देरी किए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया है और अब ईसीआईनेट (ECINET) ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा बीएलओ, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन की भी सुविधा उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक संस्थान में नियुक्त कैंपस एंबेसडर छात्र-छात्राओं और निर्वाचन विभाग के बीच सेतु का कार्य करेंगे तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग देंगे।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि “कोई भी मतदाता छूटे नहीं” अभियान को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एक वर्ष में चार अर्हता तिथियां—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर—निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले में वर्तमान में 33,53,205 मतदाता हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील करते हुए कहा कि जिले के मतदाता हमेशा जागरूक रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चुनावों में भी अधिक से अधिक मतदान कर मुजफ्फरपुर लोकतंत्र को और मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार ने मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा ने स्वीप अभियान, कैंपस एंबेसडर की भूमिका और निर्वाचन आयोग की विभिन्न सुविधाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की गई।












