-एनआईटी सिक्किम से बीटेक, 18 लाख के पैकेज वाली नौकरी छोड़ी और बने एसडीएम
मुजफ्फरपुर।दीपक। जिले के अतरदह, कच्ची-पक्की रोड निवासी रोहित रंजन ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे शहर में खुशी का माहौल है।
रोहित रंजन, प्रमोद प्रसाद गुप्ता एवं दुर्गा देवी के पुत्र हैं। उन्होंने एनआईटी सिक्किम से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित कंपनी Intel Corporation में 18 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नौकरी का अवसर मिला। उन्होंने करीब दो वर्षों तक कंपनी में कार्य किया, लेकिन प्रशासनिक सेवा में जाने के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए नौकरी छोड़ दी।
इसके बाद रोहित ने पूरी तरह से बीपीएससी एवं सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया। कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने बीपीएससी परीक्षा के दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। उन्हें 189वीं रैंक प्राप्त हुई, जिसके आधार पर एसडीएम का पद आवंटित किया गया है।

रोहित की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रयास किया जाए तो बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने रोहित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोहित की उपलब्धि मुजफ्फरपुर के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है, जो उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का संदेश देती है।












