Advertisement

उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

–उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

नई दिल्ली/पटना। उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मार्च की शुरुआत में जहां लोग बढ़ती गर्मी से परेशान थे, वहीं अब हल्की बारिश और तेज हवाओं ने राहत पहुंचाई है। राजधानी दिल्ली से लेकर पटना और कोलकाता तक बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है।
सुबह की तेज धूप अब दोपहर होते-होते घने बादलों में छिप जा रही है। तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश की बूंदें गिरने लगी हैं। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के 17 राज्यों में आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। कई जगह पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलभराव जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। खासकर किसानों के लिए यह मौसम चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि खड़ी फसलें तेज हवाओं और ओलों से नुकसान झेल सकती हैं।
यह मौसम परिवर्तन एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के संयुक्त प्रभाव के कारण हो रहा है। यही वजह है कि यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, दिल्ली और हिमालयी राज्यों में अलग-अलग रूप में मौसम का असर देखा जा रहा है।


मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम अगले 3 से 5 दिनों तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान कहीं लगातार बारिश तो कहीं अचानक तेज आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। कृषि क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा, जहां गेहूं समेत कई फसलें कटाई के करीब हैं।

बिहार में ऑरेंज अलर्ट, वज्रपात से 3 की मौत:

बिहार में मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह से ही पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है, जबकि कोसी-सीमांचल क्षेत्र में सुबह-सुबह बारिश दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गया, जहानाबाद, अरवल, पटना, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सीवान, वैशाली, गोपालगंज, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और वज्रपात के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के बरहा गांव में 55 वर्षीय महेंद्र यादव की वज्रपात से मौत हो गई। वहीं जमुई के चकाई में ट्यूशन से लौट रही 15 वर्षीय छात्रा रागिनी कुमारी की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान चली गई।

सतर्क रहने की अपील:

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों पर रहने से बचें और जल्द से जल्द सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लें। ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतें।