-उत्तर बिहार में 28-29 जुलाई को गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना
-किसानों के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह जारी
समस्तीपुर/पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने 25 से 29 जुलाई 2026 तक के लिए मध्यम अवधि का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। कृषि मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के कई जिलों में 28 और 29 जुलाई के आसपास गरज-चमक, तेज हवा और मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।
पूर्वानुमान के अनुसार मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी, सीवान, वैशाली, सारण तथा पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण के कुछ स्थानों पर घने बादल छाने के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर बिहार के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 50 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वी दिशा से 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

पिछले तीन दिनों के मौसम का आकलन करते हुए बताया गया कि औसत अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह औसत आर्द्रता 91 प्रतिशत और दोपहर में 79 प्रतिशत रही। इस अवधि में मौसम शुष्क बना रहा।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि ऊंची भूमि में तिल की बुआई शीघ्र पूरी कर लें तथा पर्याप्त नमी का लाभ उठाएं। कम वर्षा वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक फसल के रूप में मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती करने की भी सलाह दी गई है।
इसके अलावा ऊंची जमीन पर सूरजमुखी की बुआई, परवल की खेती तथा आम और केले के नए पौधों का रोपण करने की भी अनुशंसा की गई है। वैज्ञानिकों ने कहा है कि मौसम को देखते हुए किसान खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में जाने से बचें।












