Advertisement

इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से पूर्व सैनिक की मौत, जांच में जुटी जीआरपी

-इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से पूर्व सैनिक की मौत, जांच में जुटी जीआरपी

-चंद्रलोक रेलवे गुमटी के समीप रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिला शव, मोबाइल फोन से हुई पहचान

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर चंद्रलोक रेलवे गुमटी के समीप रेलवे ओवरब्रिज के नीचे इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कोठिया निवासी 35 वर्षीय मंटू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंटू कुमार अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ अनबन के कारण वह मानसिक तनाव में थे। हालांकि, ट्रेन की चपेट में आने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

बताया जाता है कि मंटू कुमार ने करीब 15 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा दी थी। सेवानिवृत्ति के बाद वह घर पर रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिस पर उनके परिजनों के लगातार कॉल आ रहे थे। मोबाइल फोन के आधार पर उनकी पहचान की गई। इसके बाद रेल पुलिस ने फोन के माध्यम से स्वजन को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के भाई ने शव प्राप्त किया और उसे लेकर शिवहर स्थित अपने घर चले गए। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।

इधर, पूर्व सैनिक की मौत की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मौजूद लोगों के साथ पुल से गुजर रहे राहगीर भी रुककर घटनास्थल देखने लगे। इससे ओवरब्रिज पर आवागमन प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में रेल थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।