Advertisement

आवारा कुत्ते का आतंक: आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटा, 5 गंभीर मरीज पीएमसीएच रेफर

-आवारा कुत्ते का आतंक: आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटा, 5 गंभीर मरीज पीएमसीएच रेफर

राजापाकर- संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है, जहां एक ही कुत्ते ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। घटना बाकरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 08, 09 एवं 10 की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक आवारा कुत्ता अचानक घरों में घुसकर लोगों पर हमला करने लगा, जिसमें बच्चों की संख्या अधिक है। इस हमले में कुल 9 लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अनिरुद्ध यादव द्वारा सभी घायलों का इलाज किया गया। इनमें से 5 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया।


गंभीर रूप से घायल मरीजों में सौरभ कुमार, रोहन कुमार, अंशिका रानी, निशिका रानी और सुप्रिया कुमारी शामिल हैं। वहीं अन्य चार घायलों—सोनम कुमारी, बिहारी सिंह, राम सुरेश पंडित और ऋषभ कुमार—को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर एवं सदर अस्पताल हाजीपुर में इम्यूनोग्लोबुलिन इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को पीएमसीएच पटना रेफर करना पड़ा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।