-आपदा प्रबंधन को लेकर सरकार सतर्क, CM नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 13वीं बैठक सम्पन्न
पटना, 07 अप्रैल 2026:
नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 13वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ० उदयकांत द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें पिछली (12वीं) बैठक के निर्णयों के अनुपालन और अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवम्बर 2005 के बाद से राज्य में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बाढ़, सुखाड़, अगलगी, भूकंप और हीटवेव जैसी आपदाओं से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की गई है। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए मुफ्त भोजन, नकद अनुदान, फसल, गृह एवं पशु क्षति के लिए सहायता की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नवनिर्मित सरदार पटेल भवन में गृह विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और प्राधिकरण का कार्यालय स्थापित किया गया है। यह आधुनिक और भूकम्परोधी भवन है, जिसकी छत पर आपात स्थिति के लिए हेलीपैड भी बनाया गया है। यहां स्थापित राज्यस्तरीय आपदा नियंत्रण केंद्र से आपदा प्रबंधन कार्यों में काफी मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा प्रभावित लोगों का है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे आपदा प्रबंधन कार्यों को गंभीरता से लें और समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष प्राधिकरण के कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गई। साथ ही उन्होंने ‘बिहार की आपदा प्रबंधन यात्रा’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद सहित कई वरिष्ठ मंत्री एवं अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।











