🔥- अभी ही झुलसने लगा बिहार, पारा 32 पार; होली के बाद और बढ़ेगी तपिश
पटना/बिहार।
बिहार में इस बार मौसम का मिज़ाज कुछ ज्यादा ही तल्ख नजर आ रहा है। साल 2026 के शुरुआती दो महीने गुजरते-गुजरते ही गर्मी ने ऐसा तेवर दिखाया है कि लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। मार्च की शुरुआत से पहले ही धूप चुभने लगी है और दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा दिखने लगा है।
राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में तापमान ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को फरवरी के आखिरी दिन पारे ने 4 डिग्री की लंबी छलांग लगाते हुए 32.3 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिया। बीते दो वर्षों की तुलना में यह फरवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है। गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को समय से पहले ही मई-जून जैसी तपिश का एहसास करा दिया है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत के आसार कम हैं। आसमान साफ रहने और बादल नहीं बनने के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। विभाग का कहना है कि होली तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन त्योहार के बाद गर्मी और तेज हो सकती है।
मार्च में ही इतनी तपिश को विशेषज्ञ चिंताजनक मान रहे हैं। उनका अनुमान है कि इस साल भीषण लू चलने की संभावना बढ़ गई है। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए खतरा ज्यादा रहेगा।
सावधानी ही बचाव:
लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलते समय सिर और शरीर को ढंक कर रखें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
फिलहाल सवाल यही है कि यह गर्मी सिर्फ ‘ट्रेलर’ है या आने वाले महीनों में पूरी ‘फिल्म’ बाकी है। लेकिन इतना तय है कि इस बार बिहार की गर्मी पुराने रिकॉर्ड तोड़ने के मूड में दिख रही है।












