Advertisement

अगलगी में एक की मौत, आधा दर्जन घर जलकर राख, कई मवेशी भी जले

चंपारण की खबर::

-अगलगी में एक की मौत, आधा दर्जन घर जलकर राख, कई मवेशी भी जले

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिला के मलाही थाना क्षेत्र में बीती देर रात आग लगने से एक‌ व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन घर जलकर राख हो गए। मृतक की पहचान मलाही नहर चौक के रहने वाले रतन साह के रूप में हुई है‌। अगलगी की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना मलाही थाना क्षेत्र के मलाही नहर चौक की है। जानकारी के अनुसार जिला में बह रहे पछुआ हवा के कारण बढ़ी ठंड में बीती रात गांव के लोग अपने-अपने घर पर अलाव ताप रहे थे। अलाव तापने के बाद जब सभी लोग सो गए, उसी दौरान रतन साह के घर के पास के अलाव की चिंगारी हवा के कारण उड़ कर फूस के घर पर पड़ गई। जिसके बाद देखते ही देखते आग भड़क गई। आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग अपने घरों से निकल कर भागने लगे, हर तरफ चीख पुकार मच गई। लेकिन रतन साह घर से निकल नहीं पाए और आग में झुलसने से उनकी मौत हो गई। आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया।


अरेराज डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि इस घटना में लगभग आधा दर्जन घर जल गए हैं। एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। कई मवेशी जले हैं। आग लगने की घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और आग बुझा दी गई है। अलाव के चिंगारी से आग लगने की बात बतायी जा रही है।