-अंतरजातीय विवाह से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर शव जलाया, भाई गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले में अंतरजातीय विवाह को लेकर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के झोझा गांव में 22 वर्षीय युवती की कथित तौर पर परिजनों ने हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बूढ़ी गंडक नदी किनारे जला दिया। मामले का खुलासा युवती के पति द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के बाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मृतका के भाई को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, झोझा गांव निवासी गौरीशंकर कुमार ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी सुजाता कुमारी की हत्या उसके मायके वालों ने कर दी है। उसने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीर जांच शुरू की गई।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एवं एसडीपीओ पूर्वी-एक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान सिवाईपट्टी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी एवं मृतका के भाई अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि सुजाता कुमारी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध दूसरी जाति के युवक गौरीशंकर कुमार से विवाह किया था, जिससे परिवार के लोग नाराज थे। आरोपी ने हत्या की घटना में परिवार के पांच लोगों की संलिप्तता होने की बात भी कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, युवती की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे ले जाकर जला दिया गया। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।










