चंपारण की खबर::
-हत्या, लूट और रंगदारी मामले का कुख्यात अपराधी क्यामुद्दीन उर्फ लड्डू गिरफ्तार
– सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अपराधी को दबोचा, लाखों मूल्य के चरस बरामद
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिला पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हत्या, लूट और रंगदारी मामले का एक कुख्यात अपराधी क्यामुद्दीन उर्फ लड्डू मियां को दबोच लिया है। इसके पास से लाखों मूल्य के चरस बरामद हुए हैं। वहीं इसके गिरफ्तारी से हत्या और लूट मामले का पटाक्षेप भी हुआ है।
इस संबंध में एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त अपराधी छपवा के रास्ते आ रहा है। जिसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक सह सदर डीएसपी श्रीराज के नेतृत्व में सुगौली व तुरकौलिया थाना पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दिया। इसी क्रम में इस संदिग्ध व्यक्ति की जब तलाशी ली गई तो उसके पास रखे एक थैले से 1 किलो 10 ग्राम चरस व मोबाइल बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि छानबीन के दौरान इस अपराधी की पहचान जिले के टॉप टेन श्रेणी का अपराधी क्यामुद्दीन उर्फ लड्डू मियां तुरकौलिया थाना क्षेत्र स्थित
माधोपुर शेखटोली गांव निवासी है।

जिसका बड़ा अपराधिक इतिहास भी है। इसके विरुद्ध तीन हत्या मामले दर्ज हैं। जिसमें मोतिहारी के चर्चित प्रोफेसर हत्याकांड, घोड़ासहन के मिर्च व्यवसाई से लूट एवं हत्या कांड के अतिरिक्त कोटवा थाना क्षेत्र में एक हत्या में शामिल होने की पुष्टि हुई है। उन्होने बताया अपराधी लड्डू कई वर्षों से पुलिस को चकमा देकर अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर छुप जाता था। इसके विरुद्ध तुरकौलिया में रंगदारी के भी दो मामले दर्ज है। गिरफ्तार अपराधी ने सभी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। छापेमारी टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक के अतिरिक्त तुरकौलिया थानाध्यक्ष अनिल कुमार, जिला तकनीकी शाखा के मिथलेश कुमार, अभिनव दुबे, सिपाही चिरंजीवी व नित्यानंद दूबे शामिल थे।
















