-स्व. नंदकिशोर सिंह को नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि
-21 नवंबर को जाफरपट्टी में पीएम मोदी के कार्यक्रम में जुटेंगे 3 से 4 लाख लोग
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर दक्षिणी पंचायत के बनघाड़ा निवासी समाजसेवी स्वर्गीय नंदकिशोर सिंह की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय नंदकिशोर सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21 वर्षों तक बिहार की सेवा की है। उनके नेतृत्व में राज्य में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इसी का परिणाम है कि गंगा नदी पर बने सिक्स लेन पुल का नाम राज्य सरकार ने नीतीश सेतु रखा है। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने करकमलों से इस पुल का उद्घाटन करेंगे।

उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु उत्तर बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। एक समय था जब दियारा क्षेत्र के लोगों को जान जोखिम में डालकर पटना जाना पड़ता था, लेकिन पुल के निर्माण से आवागमन आसान हुआ है। अब लोग कम समय में बिहार की राजधानी पटना पहुंच सकेंगे। इससे क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के जाफरपट्टी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरे बिहार से करीब 3 से 4 लाख लोग जाफरपट्टी पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली की धरती पर आगमन जिले के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनडीए कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।












