-छठ के बाद बढ़ी यात्रियों की भीड़, महाप्रबंधक ने कई स्टेशनों का किया निरीक्षण
-होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हाजीपुर, 18 नवंबर। छठ पर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने यात्री सुविधा और सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने बुधवार को बापूधाम मोतिहारी, बेतिया, नरकटियागंज, रक्सौल और सीतामढ़ी समेत विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया का भी मुआयना किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्रियों के आवागमन, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहें। उन्होंने यात्री सुरक्षा और रेल संरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया।

रेलवे की ओर से प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों को ट्रेन के आगमन और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से पहले व्यवस्थित तरीके से ठहराया जा रहा है। होल्डिंग एरिया से स्टेशन भवन और प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
इन होल्डिंग एरिया में टिकट बिक्री की अस्थायी व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए मेडिकल टीम की भी तैनाती की गई है। वहीं, भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग सिस्टम के जरिए निगरानी की जा रही है। परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वार रूम और कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
आरपीएफ और अन्य रेलकर्मियों को फुट ओवरब्रिज के माध्यम से होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत अन्य रेल अधिकारी उपस्थित रहे।












