-स्वच्छता पखवाड़ा अभियान को भाजपा ओबीसी मोर्चा ने दी नई गति, जम्मू-कश्मीर में मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर चला सफाई अभियान
जम्मू, 19 जून। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 अभियान तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा ओबीसी मोर्चा ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में व्यापक स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाए गए।
भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर यूटी के अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती के निर्देशानुसार जम्मू उत्तर, नौशेरा-सुंदरबनी, जम्मू जिला और उधमपुर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन अभियानों के माध्यम से स्वच्छ, हरित और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
जम्मू उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पंजग्रेन नागरोटा स्थित शिव मंदिर में आयोजित स्वच्छता अभियान का नेतृत्व जिला अध्यक्ष शमशेर कुमार प्रजापति और मंडल अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने किया। कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई।
नौशेरा-सुंदरबनी जिले में बाल शामा शिव मंदिर, माता संतोषी मंदिर, देव स्थान और गुरुद्वारा परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी लोगों को दी गई। कार्यक्रम में राज्य महासचिव श्याम मेहरा, जिला अध्यक्ष अशोक कुमार नाग्गी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
जम्मू जिले के विश्वकर्मा मंदिर, न्यू प्लॉट (अम्फल्ला मंडल) में आयोजित अभियान में भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाते हुए नागरिकों से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

उधर उधमपुर जिले के लौंदना बाबा मंदिर में स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जम्मू-कश्मीर यूटी के उपाध्यक्ष एवं स्वच्छता अभियान प्रभारी राजीव चरक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान राजीव चरक, अरुण गुप्ता, सुनील बड्याल और सागर चंद वर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर लौंदना चौकी प्रभारी वरुण शर्मा ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। स्थानीय नंबरदार खेम राज ने भी अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की अपील की।
अपने संदेश में ब्रह्म ज्योत सत्ती ने स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली सभी जिला एवं मंडल इकाइयों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आज जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव है।
कार्यक्रमों का समापन स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा जम्मू-कश्मीर में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।












