-स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बीमा को लेकर तिरहुत आयुक्त सख्त, सभी जिलों के अधिकारियों को दिए निर्देश
-मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य
-सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने का आदेश
मुजफ्फरपुर। स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य, सुविधा, सुरक्षा और बीमा को लेकर तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह ने गंभीरता दिखाई है। इसको लेकर उनकी अध्यक्षता में आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें स्वच्छता कार्यों में लगे कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल के सभी जिलों, विशेषकर नगर क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों में संलग्न कर्मियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इस संबंध में उन्होंने प्रमंडल के सभी जिला पदाधिकारियों, नगर आयुक्तों एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कर्मियों के हितों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
आयुक्त ने कहा कि सेवा प्रदाताओं की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने कामगारों को कार्य के दौरान सुरक्षा जूते, दस्ताने, सीढ़ी सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराएं और उनके समुचित उपयोग को सुनिश्चित करें। इसके साथ ही स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बीमा से जुड़े सभी निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने दो टूक कहा कि स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर इन व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी, ताकि स्वच्छता कार्यों में लगे कर्मियों को सुरक्षित कार्यस्थल और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।












