-स्कूल के सबमर्सिबल में उतरे करंट से मासूम की मौत, इकलौते बेटे को खोकर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मुजफ्फरपुर, 22 जून। जिले के बंदरा प्रखंड में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में स्कूल परिसर में लगे सबमर्सिबल पंप से प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान हत्था थाना क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुन्नी मुसहर के समीप रहने वाले रमई मांझी के तीन से चार वर्षीय इकलौते पुत्र विराज कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे विराज अपने घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह विद्यालय परिसर की ओर चला गया। इसी दौरान स्कूल में लगे सबमर्सिबल पंप में उतरे करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के शिक्षक और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बंदरा ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पीएचसी प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद ने बताया कि बच्चे की मौत अस्पताल लाए जाने से पहले ही हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और विद्यालय परिसर पहुंच गए।
बताया जाता है कि विराज का घर विद्यालय की दीवार से सटा हुआ है। उसके पिता रमई मांझी मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि बिजली संबंधी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर स्कूल परिसरों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











