Advertisement

सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान, एक दिन में 2436 मामले पकड़े गए

-सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान, एक दिन में 2436 मामले पकड़े गए

सोनपुर, 8 सितंबर 2026। सोनपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ मेगा टिकट जांच अभियान लगातार जारी है। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से मंडल के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच की जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में 7 सितंबर को सोनपुर मंडल के सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया और नवगछिया समेत विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टिकट जांच कर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच की।

अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वाले 2436 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन मामलों से रेलवे को 22 लाख 8 हजार 825 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

सोनपुर मंडल में सितंबर माह में 7 सितंबर तक कुल 10,380 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इन मामलों से रेलवे ने 90 लाख 32 हजार 135 रुपये का राजस्व अर्जित किया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक मंडल में कुल 3 लाख 40 हजार 767 मामलों में कार्रवाई करते हुए 26 करोड़ 39 लाख 20 हजार 667 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त किया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें। बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाती है।

रेल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और पारदर्शी रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।