Advertisement

विधान परिषद चुनाव 2026 : RJD ने 6 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, तिरहुत से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को टिकट

-विधान परिषद चुनाव 2026 : RJD ने 6 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, तिरहुत से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को टिकट

पटना। बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कुल आठ सीटों में से छह सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के हस्ताक्षर से 11 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई।
जारी सूची के अनुसार, राजद ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।


सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम पर पार्टी ने भरोसा जताया है। तिरहुत सीट पर उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही मुजफ्फरपुर समेत पूरे तिरहुत क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
राजद की ओर से बताया गया है कि कुल आठ सीटों में से छह पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। शेष दो सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर पार्टी नेतृत्व में मंथन जारी है। इन दोनों सीटों पर जल्द ही निर्णय लेकर प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की संभावना है।
छह उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।