-सेंट्रल बैंक के मेगा कृषि ऋण शिविर में डीएम ने जीविका को बांटे 51 करोड़
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय मोतिहारी ने आज डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभा भवन में ‘मेगा कृषि ऋण जनसंपर्क शिविर’ का भव्य आयोजन किया। केंद्रीय कार्यालय के निर्देश पर पूरे देश में 6 जून को आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों और जीविका समूहों को वित्तीय सहायता से जोड़ना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार ने शिरकत कर जीविका समूह की 2026 की महिलाओं को 51 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। जिलाधिकारी ने सेंट्रल बैंक के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अग्रणी बैंक होने के नाते सेंट्रल बैंक जिले के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जीविका दीदियों को प्रेरित किया कि वे ऋण राशि से नया उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करें।

शिविर में जिले भर के किसान भाई और जीविका समूह की सदस्याएं बड़ी संख्या में पहुंचीं। क्षेत्रीय प्रमुख विवेक कुमार पाण्डेय और अग्रणी जिला प्रबंधक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य प्रबंधक सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय ने बैंक की विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। जिला जीविका कार्यालय के अधिकारी राजु कुमार ने संचालन किया। बैंक के मुख्य प्रबंधक अभिनव आनंद समेत जिला स्तरीय जीविका अधिकारी भी मौजूद रहे। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।












