Advertisement

सावन की पहली सोमवारी से पूर्व शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा दूधनाथ महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक

-सावन की पहली सोमवारी से पूर्व शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा दूधनाथ महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक

मुजफ्फरपुर। सावन माह की प्रथम सोमवारी को लेकर जिले के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है।रविवार को भी भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान शिव का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
मुशहरी स्थित बाबा दूधनाथ महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान पंडित लालन झा एवं अन्य आचार्यों ने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न कराया। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।


पंडित लालन झा ने बताया कि सावन माह में रुद्राभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपने घर या मंदिर, कहीं भी विधिपूर्वक भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर सकते हैं। इससे भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
पूजा-अर्चना के दौरान अन्नू सिंह, रामबालक सिंह, चंदन, अंशु, अमृत, प्रेमा कुमारी, रूबी, प्रियंका सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे दिन मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।