Advertisement

साइबर कैफे में शुरू हुई प्रेम कहानी बाबा गरीबनाथ मंदिर तक पहुंची, कोर्ट मैरिज के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में

-साइबर कैफे में शुरू हुई प्रेम कहानी बाबा गरीबनाथ मंदिर तक पहुंची, कोर्ट मैरिज के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में

मुजफ्फरपुर। कहते हैं कि प्यार कब, कहां और कैसे हो जाए, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता। मुजफ्फरपुर के मुशहरी प्रखंड से सामने आई एक प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। चार साल पहले एक साइबर कैफे में शुरू हुआ प्रेम संबंध आखिरकार कोर्ट मैरिज तक पहुंच गया, लेकिन शादी के बाद मंदिर में फोटोशूट कराना नवविवाहित जोड़े को भारी पड़ गया और पुलिस उन्हें थाने ले आई।
जानकारी के अनुसार, युवती चार वर्ष पहले इंटरमीडिएट पास करने के बाद ग्रेजुएशन में नामांकन के लिए अपने गांव के एक साइबर कैफे में फॉर्म भरने पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात कैफे संचालक युवक से हुई। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों के बीच करीब चार वर्षों तक प्रेम प्रसंग चलता रहा।
इस दौरान युवती ने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली और वर्तमान में पीजी की पढ़ाई कर रही है। वहीं युवक का साइबर कैफे उनके मिलने-जुलने का प्रमुख माध्यम बना रहा। समय के साथ दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया, लेकिन परिजनों की सहमति नहीं मिलने पर उन्होंने स्वयं विवाह करने का रास्ता चुना।


गुरुवार की सुबह दोनों अपने-अपने घरों से निकलकर मुजफ्फरपुर कचहरी पहुंचे, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कोर्ट मैरिज कर ली। विवाह के बाद दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और पति-पत्नी के रूप में जीवन की नई शुरुआत की।
कोर्ट मैरिज के बाद दोनों बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे। बताया जाता है कि विवाह के बाद मंदिर परिसर में दोनों लगातार तस्वीरें खिंचवा रहे थे। उनकी गतिविधियां मंदिर प्रशासन को संदिग्ध लगीं, जिसके बाद इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए नगर थाना ले गई। थाने में पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पूरी प्रेम कहानी बताई और बताया कि वे बालिग हैं तथा पिछले चार वर्षों से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं।
पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने बुलाया है और विवाह से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कानूनी पहलुओं की पुष्टि के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस अनोखी प्रेम कहानी और शादी की चर्चा फिलहाल मुशहरी से लेकर शहर भर में हो रही है। साइबर कैफे में शुरू हुआ यह प्रेम संबंध कोर्ट मैरिज और फिर पुलिस पूछताछ तक पहुंचने के कारण लोगों के बीच खासा चर्चा का विषय बना हुआ है।