-सड़क किनारे सो रहे युवक पर चढ़ाया ट्रक, पैर टूटा
-मदद की गुहार पर भी नहीं मिली सहायता
-गड्ढे में फेंकने का आरोप
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के भीखनपुर इलाके में सड़क किनारे सो रहे एक युवक के ऊपर कथित तौर पर ट्रक चढ़ा देने का मामला सामने आया है। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि घायल अवस्था में मदद की गुहार लगाने के बावजूद वाहन सवार ने उसकी सहायता करने के बजाय उसके साथ मारपीट की और उसे सड़क किनारे स्थित गड्ढे में फेंक दिया। बाद में ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल युवक की पहचान 38 वर्षीय शंकर सहनी के रूप में हुई है। शंकर ने बताया कि वह देर रात काम करने के बाद पास के पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे सो गए थे। अहले सुबह आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके ऊपर ट्रक चढ़ा दिया। हादसे में उनका पैर टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
शंकर के अनुसार, हादसे के बाद वह दर्द से कराहते हुए मदद के लिए पुकारते रहे, लेकिन आरोप है कि कोई उनकी सहायता के लिए आगे नहीं आया। इसके बाद उन्हें सड़क किनारे एक गड्ढे में फेंक दिया गया। चोट के कारण उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है। घायल शंकर ने बताया कि उनके पूरे शरीर में चोट लगी है और पैर टूट गया है।
घटना को लेकर श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओपी प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पीड़ित का जल्द बयान दर्ज किया जाएगा। बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।











