-सड़क किनारे खड़ी कार में अचेत मिले आयुष चिकित्सक, पत्नी ने ग्रामीणों की मदद से शीशा तोड़कर बचाई जान
इटावा। भरथना-बकेवर मार्ग स्थित ग्राम मोढ़ी में सड़क किनारे खड़ी एक कार में आयुष चिकित्सक अचेत अवस्था में मिले। काफी देर तक कार के अंदर कोई हलचल नहीं होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में चिकित्सक की पत्नी ने ग्रामीणों की मदद से कार का शीशा तोड़कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, झांसी जनपद के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के नगरा निवासी डॉ. प्रमोद कुमार सुनारिया ड्यूटी समाप्त कर अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान मोढ़ी गांव के पास उनकी कार अचानक सड़क किनारे रुक गई।
gt
कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर बैठे चिकित्सक अचेत हो गए। काफी देर तक कार स्टार्ट नहीं होने और अंदर कोई हरकत नहीं दिखने पर स्थानीय ग्रामीणों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हल्का इंचार्ज गीता सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। इसी बीच चिकित्सक की पत्नी सीमा देवी भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से कार का शीशा तोड़कर डॉ. प्रमोद कुमार को बाहर निकाला।
पत्नी सीमा देवी ने पुलिस को बताया कि डॉ. प्रमोद कुमार की तैनाती इकदिल स्थित आयुष विभाग के चिकित्सालय में है। वर्तमान में उन्हें अस्थायी रूप से ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाली स्थित आयुष चिकित्सालय में संबद्ध किया गया था। घटना के कारणों की जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी।












